राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेला श्रद्धा और आस्था के साथ शुरू
- The shirgul Times

- Jun 26
- 1 min read
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने किया विधिवत शुभारम्भ
कवि राज चौहान - सोलन
सोलन की अधिष्ठात्री माँ शूलिनी को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेला आज धार्मिक आस्था, भक्ति और देव परम्पराओं के साथ शुरू हुआ। मेले का विधिवत शुभारम्भ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने किया।

इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने परम्परा के अनुसार माँ शूलिनी की पालकी का स्वागत किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि माँ शूलिनी मेला हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, देव परम्परा और जन आस्था का प्रतीक है।

मेले का मुख्य आकर्षण माँ शूलिनी की भव्य पालकी यात्रा रही। यह यात्रा माँ शूलिनी मंदिर से आरम्भ होकर सोलन शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गंज बाजार स्थित माँ दुर्गा मंदिर में विश्राम करती है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से इस ऐतिहासिक मेले की पहचान और अधिक व्यापक हुई है। उन्होंने कहा कि यह देश के अनूठे धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां तीन दिनों तक विशाल भंडारों का आयोजन किया जाता है और हर आगंतुक को भोजन उपलब्ध करवाने की परम्परा निभाई जाती है।
इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हवन कार्यक्रम में भाग लिया। उपायुक्त एवं मेला समिति अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर दून विधायक राम कुमार चौधरी, अर्की विधायक संजय अवस्थी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Comments