top of page
  • Writer's pictureMANISH

वन अग्नि रोकथाम जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया

मनीष चौहान (दि शिरगुल टाइम्स)

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश वन विभाग की अग्निशमन तैयारियों के अन्तर्गत 2021 सीजन के तहत आज यहां अपने सरकारी निवास ओक ओवर से तीन वन अग्नि रोकथाम जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जय राम ठाकुर ने कहा कि जंगल की आग न केवल वन संपदा बल्कि क्षेत्र की जैव-विविधता, पारिस्थितिकी और पर्यावरण के साथ-साथ जीवों और वनस्पति को भी क्षति पहुंचाती है। ग्रीष्मकाल के दौरान बारिश न होने के कारण जंगल में चीड़ की पत्तियां एकत्रित हो जाती हैं जिसके कारण आग लगने की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि जंगल की आग से मिट्टी की उर्वरता को क्षति, भू-क्षरण, जल स्रोतों के सूखने और जैव विविधता पर विपरीत प्रभाव पड़ते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वाहन आने वाले आठ दिनों में राज्य में तीन अलग-अलग मार्गों से होकर गुुजरेंगे। प्रत्येक वाहन में पीए सिस्टम के माध्यम से जंगल की आग के दुष्प्रभावों के बारे में समुदाय और हितधारकों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों से जंगल की आग की घटनाओं को रोकने में काफी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वन अग्नि पर एक पुस्तक और विवरणिका का विमोचन भी किया।

प्रधान मुख्य अरण्यपाल डाॅ. सविता ने कहा कि जागरूकता अभियान के दौरान आठ दिनों में तीन अलग-अलग मार्गों पर 45 स्टेशनों को प्रचार टीम द्वारा कवर किया जाएगा। वाहन जंगल की आग के विभिन्न पहलुओं पर सूचनात्मक सामग्रियों से लैस हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ वन अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

6 views0 comments
bottom of page