top of page

स्पिति घाटी तक होगा 4जी सेवाओं का विस्तार: सुखविंदर सिंह सुक्खू

KAVI RAJ CHAUHAN
Apr 14, 2023
2 min read

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज जिला लाहौल-स्पिति के अपने तीन दिवसीय प्रवास पर स्पिति घाटी पहुंचे। सगनम हेलीपैड, कुंगरी गोम्पा तथा ढंखर गोम्पा पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक परिधानों और वाद्ययंत्रों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने घाटी के सुप्रसिद्ध कुंगरी एवं ढंखर गोम्पा में प्रार्थना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

कुंगरी गोम्पा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की कठिनाइयों से भलीभांति परिचित है और उनके दैनिक जीवन को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्पिति घाटी की समस्याओं के हल के लिए स्थानीय विधायक के साथ विचार-विमर्श कर योजनाएं तैयार कर उन्हें लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्पिति घाटी तक 4जी सेवाओं का विस्तार कर इससे आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद वह पहली बार स्पिति के प्रवास पर आए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए दृढ़ संकल्प है और इस वर्ष हिमाचल दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह काजा में मनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की संस्कृति एवं यहां के लोगों से जुड़ाव और भी सशक्त होगा।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण गर्त में गई अर्थव्यवस्था को पुनः पटरी पर लाने की दिशा में प्रदेश सरकार ठोस कदम उठा रही है और आगामी चार वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से अगले दस वर्षों में हिमाचल देश के सबसे समृद्ध राज्यों की श्रेणी में शुमार होगा। उन्होंने पुनः दोहराया कि वह सत्ता सुख के लिए नहीं आए हैं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्य कर रहे हैं।

Comments


bottom of page